Kashi ka News. योगासन प्रतियोगिता में राज सिंह को प्रथम स्थान।

 योगासन प्रतियोगिता में राज सिंह को प्रथम स्थान।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, मे आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस पर योगासन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी योग प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग की योगासन प्रतियोगिता में राज सिंह ने प्रथम स्थान, सुमित कुमार ने द्वितीय स्थान तथा लकी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में अर्चना मौर्या ने प्रथम स्थान, सुनीता मौर्या ने द्वितीय स्थान एवं दीपिका ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। 

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के प्रभारी एवं सचिव डॉ सत्येन्द्र कुमार यादव ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए एक समग्र एवं प्रभावी साधना है। नियमित योग अभ्यास से मांसपेशियों की शक्ति, लचीलापन, संतुलन एवं श्वसन क्षमता में वृद्धि होती है। इससे तनाव, चिंता, हृदय रोग, मधुमेह एवं गठिया जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।योग मन को शांत कर मानसिक स्पष्टता, एकाग्रता एवं बेहतर नींद प्रदान करता है।

प्राणायाम फेफड़ों की क्षमता को मजबूत बनाता है, जिससे सम्पूर्ण स्वास्थ्य में सुधार होता है। योग तनावमुक्त एवं संतुलित जीवनशैली के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रतियोगिता का संचालन आदित्य कुमार, डॉ राजकुमार मिश्र एवं सोमनाथ पाण्डेय के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में आचार्यगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।