Kashi ka News. पीएम के काशी आगमन पर कांग्रेस उठायेगी जनसमस्याओं की आवाज-राघवेन्द्र चौबे

 पीएम के काशी आगमन पर कांग्रेस उठायेगी जनसमस्याओं की आवाज-राघवेन्द्र चौबे 

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों पर बड़ा राजनीतिक और सामाजिक हस्तक्षेप किया है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने जिला अधिकारी को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है, ताकि वाराणसी की जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष रखा जा सके।

महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि नरेंद्र मोदी वाराणसी से तीसरी बार सांसद हैं, इसलिए काशी की जनता के प्रति उनका संवैधानिक, नैतिक और लोकतांत्रिक दायित्व है कि वे केवल सत्ता पक्ष ही नहीं, बल्कि विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों से भी संवाद करें। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को सुनना लोकतंत्र को मजबूत करता है और जनसमस्याओं के समाधान का रास्ता खोलता है। काशी केवल राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, रोजगार, संस्कृति, व्यापार और संघर्ष का शहर है। यदि प्रधानमंत्री वास्तव में काशी के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं, तो उन्हें उन मुद्दों को भी सुनना चाहिए जो आम जनता रोज झेल रही है। 

पीएम मोदी केवल देश के प्रधानमंत्री ही नहीं, काशी के सांसद भी हैं। वाराणसी की जनता ने उन्हें प्रतिनिधित्व का अधिकार दिया है। ऐसे में उनका दायित्व बनता है कि वे विपक्ष की बात भी सुनें। लोकतंत्र में संवाद जरूरी है, अहंकार नहीं। यदि काशी के सांसद काशी की पीड़ा नहीं सुनेंगे, तो फिर कौन सुनेगा? हम संवाद चाहते हैं समाधान चाहते हैं। इसलिए जिला अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री जी से समय मांगा गया है, ताकि काशी की जनता की समस्याओं को सीधे उनके सामने रखा जा सके। प्रधानमंत्री विपक्ष की लोकतांत्रिक भूमिका का सम्मान करते हुए प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय देंगे और काशीवासियों की समस्याओं पर ठोस निर्णय लेंगे।