पदयात्रा रोके जाने पर पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं में नोंकझोंक।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी द्वारा आज श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में लागू की गई विभिन्न जनविरोधी व्यवस्थाओं, मंगला आरती टिकट बुकिंग पर लगाए गए 90 दिन के प्रतिबंध, ऐप आधारित दर्शन प्रणाली, स्थानीय श्रद्धालुओं की लगातार हो रही उपेक्षा तथा मंदिर प्रशासन की कार्यशैली के विरोध में प्रस्तावित पदयात्रा को प्रशासन ने बलपूर्वक रोक दिया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस शांतिपूर्ण कार्यक्रम से घबराए प्रशासन ने कल देर रात से ही दमनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी।
कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, युवा नेताओं पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद कर दिया गया। अनेक कार्यकर्ताओं को घर से बाहर निकलने से रोका गया, जबकि कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर कांग्रेसजनों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई, इसके बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मैदागिन स्थित महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर एकत्रित कार्यकर्ताओं ने बाबा विश्वनाथ के जयकारों, लोकतंत्र बचाओ, आस्था पर हमला बंद करो तथा काशीवासियों के अधिकार बहाल करो जैसे नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया। अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में जैसे ही कांग्रेसजन पदयात्रा के लिए कार्यालय से बाहर निकले और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर बढ़ने लगे, पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान कुछ समय तक तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध जारी रखा। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने प्रशासन द्वारा पदयात्रा रोके जाने पर कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को रोकना, विपक्ष को नजरबंद करना और शांतिपूर्ण कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाना स्वस्थ परंपरा नहीं है। प्रशासन को दमन छोड़कर संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।यदि एक सप्ताह के भीतर मांग पत्र पर निष्पक्ष जांच कर जनहित में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो महानगर कांग्रेस कमेटी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। सड़क से लेकर सदन तक और जनता से लेकर न्यायालय तक संघर्ष किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी। उक्त अवसर पर सतनाम सिंह, प्रवीन प्रकाश, सैय्यद हसन, रमजान अली, वकील अंसारी, सुनील श्रीवास्तव, अशलम खां, संतोष चौरसिया, राजेन्द्र गुप्ता, अनुराधा यादव, पूनम विश्वशर्मा, हसन मेहदी कब्बन, प्रमोद वर्मा, अखिलेश पाण्डेय, मनोज वर्मा, खालिद सिद्दीकी, आशिष केशरी, मोनाजिर मंजू , आकाश त्रिपाठी, शमसाद खां, गोपाल चौबे, पुलक, वंदन जायसवाल समेत सैकड़ो कार्यकर्ताओं उपस्थित रहे।


