8 सितम्बर से काशी में भागवत श्रवण करायेंगे बालव्यास।
ब्यूरो चीफ़ आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। कथा मर्मज्ञ पूज्य पं श्रीकांत शर्मा 'बालव्यास' पितृ पक्ष में काशीवासियों को श्रीमद भागवत कथा का रसपान कराने काशी आ रहे है। भक्ति परिवार सेवा समिति के तत्वावधान में आगामी 8 सितम्बर से 13 सितम्बर तक चौकाघाट स्थित हेरिटेज पैलेस में कथा का रसपान कराएंगे। शुक्रवार को कथा आयोजन समिति से जुड़े सदस्यों की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें कथा की तैयारियों को अंतिम स्वरूप प्रदान किया गया। कथा के मुख्य यजमान नवल किशोर कथूरिया, योगेश अग्रवाल पासावाले एवं यतीन्द्र कथूरिया की अगुवाई में आयोजित बैठक में कथा के शुभारंभ पर एक विशाल कलश यात्रा निर्धारित की गई। कलश यात्रा 8 सितम्बर, सोमवार को अपराह्न 1 बजे से नाटी इमली, संजय नगर कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर से चौकाघाट स्थित कथा स्थल तक निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके उपरान्त अपराह्न 3 बजे से कथा का श्रीगणेश पूज्य बालव्यास जी द्वारा होगा। पहले दिन 8 सितंबर को भागवत महात्म्य और गोकर्ण उपाख्यान की कथा श्रवण कराएंगे। दूसरे दिन 9 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक ध्रुव चरित्र एवं नारद प्रसंग तथा सायं 3 बजे से 6 बजे तक जड़ भरत चरित्र एवं प्रह्लाद चरित्र की कथा श्रवण कराएंगे। तीसरे दिन 10 सितम्बर को वामन चरित्र एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा होगी। चौथे दिन 11 सितम्बर को बालव्यास श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं और गोवर्धन पूजा महोत्सव की कथा श्रवण कराएंगे। पाँचवे दिन 12 सितम्बर को बैकुण्ठ दर्शन और रुक्मिणी विवाह की कथा होगी। 13 सितम्बर को छठें दिन सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष के साथ हवन और कथा विश्राम लेगी। इसी दिन सायं 3 बजे से कथा स्थल पर महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। बैठक में मुख्य रूप से महेश चौधरी, सुरेश तुलस्यान, कौशल शर्मा, कृष्ण कुमार काबरा, मनीष गिनोडिया, अंशुमान गुप्ता, सौरभ कपूर, वेणु रंजन अग्रवाल, अरविंद सिकरिया, रूपेश माहेश्वरी आदि शामिल रहे।