सान्गवेद विद्यालय से श्रीगणेश जी की निकली भव्य शोभायात्रा।
ब्यूरो चीफ़ आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। रामघाट स्थित श्री वल्लभराम शालिग्राम सान्गवेद विद्यालय में चल रहे 104वें गणेश उत्सव के अंतर्गत बुधवार को प्रातः श्री विद्यादेवता धर्मनारायण समवेत श्री गणेश भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा विद्यालय प्रांगण से निकलकर गोपाल मंदिर, काठ की हवेली, बीबी हटिया, रतन फाटक, ब्रह्मा घाट, दुर्गा घाट, मंगला गौरी होते हुए वापस विद्यालय प्रांगण में पहुँची। शोभा यात्रा में सबसे आगे शहनाई की मंगल धून पर विद्यालय के विद्यार्थी ध्वज लेकर चल रहे थे और सभी लोग मंगल मूर्ति मोरया, गणपति बप्पा मोरिया का जय घोष कर रहे थे। शोभायात्रा का कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया एवं आरती उतारी। शोभायात्रा में प्रमुख रूप से सान्गवेद विद्यालय के अध्यक्ष पंडित विश्वेश्वर शास्त्री द्रविड़, श्रीकुल पीठाधीश्वर डॉ सचिन्द्र नाथ महाराज, काशी मराठा समाज के अध्यक्ष संतोष पाटिल, संरक्षक माणिकराव पाटिल, डॉक्टर कैलाश सिंह विकास, उत्सव मंत्री बबन लक्ष्मण मस्के, पांडुरंग पुराणिक, अरुण दीक्षित, जीतेंद्र द्विवेदी, तरुण त्रिपाठी, गजानंद ज्योतकर, आनंद सिंह अन्ना, चंदू अग्रवाल, चक्रवर्ती विजय नावड समेत अनेक गणमान्य लोग शामिल थे। सायंकाल श्री गीर्वाणवाग्वर्धिनी सभा एवं वर्णाश्रम स्वराज संघ की सम्मिलित विद्वत परिषद ज्योतिष रत्न पंडित गौरव देशपांडे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें धार्मिक तिथि विचार विषय पर विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त किए। कल दिनांक 4 सितंबर गुरुवार को श्री गणेश भगवान एवं श्री धर्म नारायण भगवान की दीपाराधना, श्री गीर्वाणवाग्वर्धिनी सभा एवं वर्णाश्रम स्वराज संघ का सम्मिलित विशेषाधिवेशन, पारितोषिक वितरण, विद्वत सत्कार का कार्यक्रम जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्रीरामनरेशाचार्य महाराज के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।