Kashi ka News नाविकों ने कहा, गंगा में वाटर टैक्सी का संचालन किसी भी हालत में नहीं होने देंगे

नाविकों ने कहा, गंगा में वाटर टैक्सी का संचालन किसी भी हालत में नहीं होने देंगे।

ब्यूरो आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। दिनांक 10 जुलाई, दिन सोमवार को गंगा नदी में चलने वाली वाटर टैक्सी के संचालन से पहले ही जबरदस्त विरोध, प्रदर्शन शुरू हो गया है। गंगा में नौका संचालन के जरिए अपनी जीवकोपार्जन करने वाले नाविक वाटर टैक्सी संचालन का जबरदस्त विरोध कर रहे हैं। 

आज वाटर टैक्सी संचालन के विरोध में चौरासी घाटों के नाविक लामबंद होकर पूरी तरह से नौका संचालन को बंद कर दिया। वही वाटर टैक्सी संचालन के विरोध में नाविक समाज द्वारा  केदार घाट पर बैठक कर वाटर टैक्सी को  गंगा की लहरों पर चलने नहीं दिए जाने का निर्णय किया। 

नाविकों के द्वारा निरंतर वाटर टैक्सी संचालन का विरोध किए जाने को लेकर वाराणसी जिला प्रशासन की तरफ से नाविकों के साथ सोमवार को बैठक होनी थी। जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं नाविकों के बीच  भेलूपुर स्थित डायमंड होटल में बैठक होना सुनिश्चित हुआ था, परन्तु होटल में नाविकों ने बैठक करने से इंकार कर दिया। नाविकों का कहना है कि प्रशासन के अधिकारी जो भी बैठक या वार्ता करना चाहते है, वह नाविकों के साथ गंगा तट पर ही सभी नाविकों के बीच में मिल-बैठ कर करें।

केदार घाट पर वाटर टैक्सी संचालन के खिलाफ सैकड़ों की तादाद में जुटे नाविकों द्वारा पूरी तरह से नौका संचालन बंद करके एक स्वर में वाटर टैक्सी नहीं चलने देने की बात कही। उन्होंने  आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि वाटर टैक्सी संचालन से उनकी आजीविका पर बुरी तरह से असर पड़ेगा, इसलिए वह किसी भी हालत में वाटर टैक्सी संचालन गंगा मे नही होने देंगे। 

मालूम हो कि वाटर टैक्सी का संचालन नमो घाट से अस्सी घाट के बीच किया जाना है, जिसको लेकर आज नाविक समाज द्वारा जबरदस्त विरोध, प्रदर्शन किया गया है।