Kashi ka News इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा किया गया हरिशंकर जैन व बिष्णुशंकर जैन का अभिनंदन

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा किया गया हरिशंकर जैन व बिष्णुशंकर जैन का अभिनंदन।

ब्यूरो आनन्द सिंह अन्ना
वाराणसी। श्री आदिमहादेव काशी धर्मालय मुक्ति न्यास के संरक्षक एवं हिंदुत्व के पुरोधा सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर जैन ने चांदपुर इंडस्ट्रियल स्टेट में सम्मान समारोह के अवसर पर बोलते हुए कहा कि देश भर के हमारे प्राचीन एवं सर्वमान्य आस्था के केंद्र अयोध्या, मथुरा, काशी, ताजमहल भोजशाला सहित हजारों मंदिर जो हिंदू समाज और राष्ट्र के लिए स्वाभिमान के प्रतीक हैं उनकी मुक्ति के लिए जो संकल्प हमने लिया है हर हाल में उसे पूरा करूंगा। उन्होंने हिंदू राष्ट्र का सपना साकार करने का भी संकल्प दोहराते हुए कहा कि संवैधानिक तरीके से लड़ी जा रही लड़ाई में समय चाहे जितना लगे परिणाम हमारे ही पक्ष में आएगा क्योंकि जीत हमेशा सत्य की होती है। जैन ने बताया कि वाराणसी में पंच क्रोस की सीमा भगवान भोलेनाथ की सीमा है यह ग्रंथो में अवमुक्त क्षेत्र माना गया है इसके अंदर आदि विशेश्वर ही नहीं बिंदु माधव मंदिर, कृतिवशेश्वर मंदिर, लाट भैरव मंदिर सहित सैकड़ो मंदिरों की मुक्ति का भी प्रश्न है मुस्लिम समाज को आगे आकर भाई चारा का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए, जिससे समाज में शांति और सद्भाव हमेशा कायम रह सके।
इसी क्रम में अपने सम्मान समारोह में अपने उदगार व्यक्त करते हुए भारत सरकार के शासकीय अधिवक्ता एवं श्री आदि महादेव न्यास के विधिक मार्गदर्शन विष्णु शंकर जैन ने बताया कि किस प्रकार पूर्व की सरकारों ने हिंदुओं के ऊपर दमनात्मक रवैया अपनाते हुए वक्फ बोर्ड, सच्चर कमेटी, मुस्लिम पर्सनल ला तथा वरशिप एक्ट 91 सहित अनेको कानून को बनाकर लागू कर दिया जिससे हिंदू समाज अपने सभी मूलभूत अधिकारों से वंचित हो गया। उन्होंने कहा कि चाहे धार्मिक अधिकार हो सामाजिक अधिकार हो या आर्थिक शोषण का मामला हो हम संवैधानिक तरीके से हिन्दू समाज की लड़ाई लड़ते रहेंगे। हमारी लड़ाई का मुख्य आधार ही साक्ष्य और सबूत है, यही कारण है कि हर परिणाम हमारे पक्ष में आ रहे हैं। हिंदू हितों को अनदेखा करके बनाए गए कानून अब ज्यादा दिन तक नहीं चल पाएंगे, हिंदू समाज अपने अधिकारों के प्रति अब जागरुक हो गया है। 
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में आज श्री आदि महादेव काशी धर्मालय मुक्ति न्यास के संरक्षक एवं ज्ञानवापी मुक्ति के प्रणेता सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री हरि शंकर जैन जी एवं न्यास के विधिक मार्गदर्शक व भारत सरकार के शासकीय अधिवक्ता श्री विष्णु शंकर जैन जी का अभिनंदन इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री आर के चौधरी ने माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रवि सर्राफ, गौरी शंकर नेवर, काशी नाथ शास्त्री, लालबाबू जायसवाल, विष्णु माया गुप्ता, मदन अग्रहरि, गोपाल गुप्त, प्रकाश डोनेवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, अमर अग्रवाल तथा न्यास के द्वारा तैयार कराया गया आदि विश्वेश्वर मंदिर के मॉडल निर्माणकर्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आर के चौधरी, संचालन राजेश भाटिया ने एव अतिथियों का परिचय न्यास के प्रबंधट्रस्टी एवं संयोजक डॉ राम प्रसाद सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन संजीव चंद्र त्रिपाठी ने किया। 
इस अवसर पर प्रमुख रूप से आर के अग्रवाल, अनुराग त्रिवेदी, सुनील अग्रवाल, बांकेलाल, अजय पांडेय, सुभाष नंदन चतुर्वेदी एडवोकेट एव गणमान्य लोग उपस्थित रहे।