Kashi ka News. परिवहन मंत्री की अभद्र टिप्पणी को लेकर छात्रों का ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन।

 परिवहन मंत्री की अभद्र टिप्पणी को लेकर छात्रों का ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन।

ब्यूरो चीफ़ आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। दिनांक 22 अगस्त, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा सैनिकों एवं गरीब वर्ग पर की गई अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के छात्रों ने गुरुवार को मार्च निकाल कर ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन किया। विरोध मार्च महिला महाविद्यालय से सिंह द्वार तक छात्रनेता पुनीत सिंह एव प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में बडी संख्या मे छात्रों ने सैनिकों और किसानों के सम्मान में निकाल कर “सैनिक का अपमान नहीं सहेंगे",“गरीब का मज़ाक नहीं चलेगा”,“जय जवान-जय किसान-जय बलिया-जय काशी” नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस अवसर पर छात्रनेता पुनित सिंह ने कहा कि सैनिकों ने अपने जीवन का बलिदान देश की रक्षा के लिए दिया है और किसानों की मेहनत से ही देश की रोटी बनती है। इनका अपमान, पूरे राष्ट्र और उसकी आत्मा का अपमान है। विरोध किसी राजनीतिक दल या विचारधारा का नहीं, बल्कि देश के सम्मान और अस्मिता का है। सैनिक और किसान का अपमान इस राष्ट्र की आत्मा को ठेस पहुँचाने जैसा है। हम तब तक शांत नहीं बैठेंगे जब तक मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते। छात्रनेता प्रभाकर सिंह ने कहा कि काशी की धरती सदियों से वीरों और महापुरुषों की जन्मभूमि रही है। यहाँ से सैनिक और किसानों के सम्मान की आवाज़ उठी है तो यह पूरे देश में गूंजेगी। मंत्री का बयान निंदनीय और शर्मनाक है। छात्रों ने चेतावनी दी कि वह जब तक सार्वजनिक रूप से माफी नही मांगते तब तक छात्र आंदोलन जारी रहेगा। यदि सरकार ने इस मामले को हल्के में लिया तो काशी से लेकर लखनऊ और दिल्ली तक यह आवाज़ गूंजेगी।