विश्वविद्यालय परिवार ने कुलपति के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर किया अभिनन्दन।
ब्यूरो चीफ़ आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। दिनांक 23 अगस्त, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा के दो वर्ष के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिवार ने अभिनन्दन समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार, वित्त अधिकारी हरिशंकर मिश्र, प्रो रामपूजन पांडेय, प्रो महेन्द्र पांडेय, प्रो अमित कुमार शुक्ल एवं समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने कुलपति को माल्यार्पण कर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। कुलपति प्रो बीएल शर्मा ने अपने कार्यकाल में विश्वविद्यालय की विकास यात्रा को आगे बढ़ाते हुए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इनमें से कुछ प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं: स्वच्छ परिसर और स्वस्थ वातावरण, नवीन दिशा देने वाले संस्कृत महाविद्यालय, समय पर परीक्षाएं, विकास समिति का गठन, आधुनिक सुविधाएं, नवीन सड़क निर्माण, सीवर पाइपलाइन और विद्युत तारों का नवीनीकरण, आधुनिक गेस्ट हाउस और अतिथि गृह, रोजगारपरक पाठ्यक्रम आदि शामिल हैं। इस अवसर पर कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा ने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया और कहा कि वह विश्वविद्यालय के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। मेरे लिए देववाणी संस्कृत का संरक्षण एवं संवर्धन ही संकल्प विचार है। इसके लिए प्रत्येक क्षण संकल्पित होकर कार्य करते रहेंगे। इस संस्था के सभी वर्गों का सहयोग और समर्पण प्राप्त हुआ है। साथ ही महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित काशी के संभ्रांत नागरिकों एवं उद्योगपतियों का सहयोग, संरक्षण अनवरत प्राप्त होता रहा है, जिसके लिए सदैव आभारी हूं।
