काशी में बाढ़ पीड़ितों की शांति और कल्याण के लिए हुई प्रार्थना।
ब्यूरो चीफ़ आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। मास शिवरात्रि के पावन अवसर पर, काशी मानव विकास समिति और श्री विश्वनाथ धर्मधरा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 20 सितंबर, 2025 को मैदागिन स्थित प्रजापति धर्मशाला में एक विशेष रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान भारत के विभिन्न राज्यों में आई जल प्रलय की स्थिति से प्रभावित लोगों की शांति और कल्याण के लिए किया गया था। सुबह से ही, वैदिक मंत्रोच्चार और शिव तांडव स्तोत्र के पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्री विश्वनाथ धर्माधारा फाउंडेशन के संस्थापक भुनाथ रघु राम शर्मा ने स्वयं आचार्य की भूमिका में रहते हुए विधि-विधान से रुद्राभिषेक संपन्न कराया। रुद्राभिषेक में आचार्य के सहायक के रूप में सुशील पांडेय, योगेश और हृदयेश सहित कई वेदपाठी विद्यार्थी भी मौजूद रहे। पूजा का मुख्य उद्देश्य भगवान शिव से प्रार्थना करना था कि वे बाढ़ की विभीषिका को शांत करें और प्रभावित क्षेत्रों में जन-जीवन को सामान्य बनाने में सहायता करें। देशव्यापी आपदा पर काशी का आध्यात्मिक सहयोग
इस अवसर पर, काशी मानव विकास समिति के अध्यक्ष संजय कुमार प्रजापति ने कहा, "यह देखकर हृदय व्यथित होता है कि देश के कई हिस्सों में हमारे भाई-बहन बाढ़ की चपेट में हैं। हम सब ने मिलकर इस रुद्राभिषेक के माध्यम से महादेव से यही प्रार्थना की है कि वे अपनी कृपा बनाए रखें और सभी को इस संकट से बाहर निकालें। श्री विश्वनाथ धर्माधारा फाउंडेशन के संस्थापक भुनाथ रघु राम शर्मा ने भी इस पहल की सराहना की और कहा, "काशी की यह आध्यात्मिक भूमि हमेशा से ही मानवता की सेवा के लिए जानी जाती रही है। यह रुद्राभिषेक न सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि यह संकट की इस घड़ी में पीड़ित मानवता के प्रति हमारी गहरी संवेदना का प्रतीक भी है। इस विशेष पूजा में बाल संसद के सभी बच्चे अपने-अपने अभिभावकों के साथ मौजूद रहे। इस आयोजन को सफल बनाने में शोभनाथ प्रजापति, रामबचन प्रजापति, अभिषेक प्रजापति, मनोज चक्रवाल, जवाहिर यादव, प्रियांशी प्रजापति, मनोज प्रजापति सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
