Kashi ka News. श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, में जनपदीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन।

 श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, में जनपदीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन।

ब्यूरो चीफ़ आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, मैदागिन में सोमवार को जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बालिका वर्ग से 11 एवं बालक वर्ग से 6 विद्यालयों ने भागीदारी की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती प्रियंका तिवारी (प्रधानाचार्या, श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, मैदागिन), श्रीमती गरिमा टकसाली (प्रबंधक, श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज), पवन कुमार मित्तल (सहायक मंत्री, श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज) एवं श्रीमती संगीता बनर्जी (प्रधानाचार्या, श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज) द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जनपदीय प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बालिका वर्ग में अंडर-14 आर्टिस्टिक सिंगल में श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज की दुर्गेश पाठक प्रथम रहीं, जबकि अंडर-17 आर्टिस्टिक सिंगल का खिताब दुर्गाचरण गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रियंशी मंडल ने जीता। अंडर-14 ट्रेडिशनल सिंगल में सर्वेश्वरी इंटर कॉलेज की अनन्या सिंह विजेता बनीं, वहीं अंडर-19 ट्रेडिशनल सिंगल में श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज की शिवानी साहनी ने पहला स्थान हासिल किया। रिदमिक पेयर स्पर्धा में अंडर-14 वर्ग में दुर्गेश पाठक और रागिनी पांडे की जोड़ी, अंडर-17 वर्ग में अनन्या सिंह और कविता साहनी, तथा अंडर-19 वर्ग में नंदिता भारद्वाज और शिवानी साहनी (श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज) ने बाजी मारी। बालक वर्ग में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-14 ट्रेडिशनल सिंगल में बंगाली टोला इंटर कॉलेज के विवेक पांडे, अंडर-17 में इसी कॉलेज के आदित्य वर्धन शुक्ल तथा अंडर-19 वर्ग में नगर निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मच्छोदरी के आदित्य साहनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विजेता प्रतिभागी अब प्रतियोगिता के अगले चरण में मंगलवार को होने वाली मंडलीय योगासन प्रतियोगिता में भागीदारी करेंगे। निर्णायक मंडल में नैनसी गुप्ता, हर्ष राय, श्रेया चौरसिया एवं शिखा शर्मा शामिल रही।