नौ दिवसीय अनुष्ठान में 11 वैदिक ब्राह्मणों ने किया बिल्व फल से हवन।
ब्यूरो चीफ़ आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। भारत राष्ट्र के सुख समृद्धि एवं विश्व कल्याण के संकल्प के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान यज्ञों वै विष्णु: कार्यक्रम के अन्तर्गत शनिवार को प्रात: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के त्रंबकेश्वर हाल में कार्यक्रम संयोजक एवं मुख्य आचार्य पंडित जगन्नाथ शास्त्री की देखरेख में नवग्रह पूजा, विशेष शनिश्चरार्चन, सुब्रमण्यम स्वामी आराधना सहित श्री कनिपाक श्री सिद्धि बुद्धि सहित विघ्नेश्वर स्वामी का कल्याण उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मीडिया संयोजक चक्रवर्ती विजय नावड ने बताया कि आज प्रातः नीलकंठ महादेव मंदिर के पास चल रहे वैदिक यज्ञ में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम से आए 11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा एक लाख 116 बिल्व फल से हवन किया गया। तत्पश्चात त्रयंबकेश्वर मल्टीपरपज हाल में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को समर्पित किए जाने वाले स्वर्ण नाग का आए हुए सभी श्रद्धालु भक्तों ने सामूहिक रूप से अभिषेक किया। तेलुगु वैभव कार्यक्रम के अंतर्गत आवधान सप्ताह का शुभारंभ हुआ। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के तेलुगू विभाग के डॉ आचार्यबुदाति वेंकटेश्वरलू ने ध्यान सत्र का शुभारंभ किया। सायं डॉ ब्रह्मश्री सामवेदम षणमुख शर्मा का प्रवचन हुआ। कार्यक्रम के दौरान पं नोरी कल्याण सुंदर एवं ब्रह्मश्री नोरी सुब्रमण्यम शास्त्री की देखरेख में श्री चक्रनवावरण की सामुहिक अर्चना की गई। राम कवचम प्रताप शर्मा के नेतृत्व में वेद की सभी शाखाओं को समर्पित 16 शिवलिंगों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पुष्पगिरि पीठाधिपति एवं जगतगुरु श्री श्री अभिनवोद्दंड विद्या शंकर भारती स्वामी, अमृतानंद सरस्वती स्वामी, डॉ ब्रह्मश्री सामवेदम षणमुख शर्मा, आंध्रा आश्रम के ट्रस्टी वी वी सुंदर शास्त्री, विश्वनाथ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
