Kashi ka News. गौ महिमा महोत्सव के अंतिम दिन निकली भव्य शोभा यात्रा।

 गौ महिमा महोत्सव के अंतिम दिन निकली भव्य शोभा यात्रा।

ब्यूरो चीफ़ आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। महमूरगंज स्थित श्री काशी विश्वनाथ (नया) मंदिर गोशाला में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित गौ महिमा महोत्सव के अंतिम दिन कृष्ण कुमार खेमका (गीता प्रेस) के संरक्षण में वृंदावन के संतों और काशी के विद्वानों के मार्गदर्शन में एक भव्य शोभा यात्रा/झाँकी निकाली गई। यात्रा में भगवान कृष्ण, बलराम और उनके बाल सखा के स्वरूप गायों को लेकर नगर भ्रमण पर निकले सैकड़ों की संख्या में साधु-संत व स्थानीय श्रद्धालु लोग कीर्तन करते इस यात्रा में सम्मिलित हुए। सर्वप्रथम गौपूजन करने के उपरान्त वृंदावन से पधारे कथावाचक संत रसराज महाराज एवं परम गौ उपासक गोपेश कृष्ण दास (श्री गोपेश बाबा) सहित कृष्ण कुमार खेमका (गीता प्रेस) एवं गुरुकुल के सैकड़ों छात्रों एवं आम लोगों ने गौ माता एवं बछड़े के साथ कृष्ण बलराम के पीछे चलते हुए नगर भ्रमण किया। इस भव्य झांकी से काशीवासियों को गौ सेवा का दिव्य संदेश दिया गया। भजन गायन बनारस घराने के विख्यात कलाकार पंडित आनंद किशोर मिश्र द्वारा कृष्ण पद, उनके साथ संगत कलाकार श्रीकांत मिश्रा (तबला) एवं शिवम् बनारसी ( बांसुरी) ने शास्त्रीय संगीत एवं शास्त्रीय तबला एवं बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी। बनारस यूथ थिएटर डायरेक्टर उत्कर्ष सहस्त्र बुद्धे एवं उनकी टीम के द्वारा भगवान् कृष्ण के गौचारण एवं गोवर्धन पर्वत उठाने की लीला प्रस्तुत की गई। इस लीला में भगवान् कृष्ण ने भारतवासियों को जागरूक होने का आह्वान किया और याद दिलाया कि कैसे द्वापर में वो गायों की सेवा करते थे पर आजके उनके भक्त उनकी गौ सेवा को भूल गए हैं। काशी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ ओ पी सिंह ने एक चिकित्सक के तौर पर वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर गाय को विश्व की माता सिद्ध किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित रहे वृंदावन से पधारे संत गौ उपासक गोपेश बाबा महाराज, रसराज दास महाराज, उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्त , गीता प्रेस के संचालक कृष्ण कुमार खेमका, काशी विश्वविद्यालय से डॉ ओ पी सिंह, डॉ वैभव जायसवाल, डॉ अभिषेक भोबले, अखिलेश एवं अनेक गणमान्य विद्वान एवं काशी वासी उपस्थित रहे।