Kashi ka News. कांग्रेस नेताओं ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से लिया आशीर्वाद।

 कांग्रेस नेताओं ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से लिया आशीर्वाद।

ब्यूरो चीफ आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को पावन नगरी काशी में बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन कर देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सद्भाव की कामना की। दर्शन-पूजन के उपरांत दोनों वरिष्ठ नेता विद्या मठ पहुँचे और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान काशी की प्राचीन संत-परंपरा, आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक समरसता तथा वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीर एवं सार्थक संवाद हुआ।भेंट के दौरान अविनाश पांडेय एवं अजय राय ने महाराज के साथ हाल ही में हुए दुर्व्यवहार की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और इसे न केवल एक संत का अपमान बल्कि भारत की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक परंपरा पर आघात बताया। 

अविनाश पांडेय ने बताया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जैसे प्रतिष्ठित, विद्वान और राष्ट्रचिंतक संत के साथ हुआ दुर्व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और चिंताजनक है। संत समाज भारत की आत्मा है। उनके सम्मान, स्वतंत्रता और गरिमा की रक्षा करना प्रत्येक लोकतांत्रिक व्यवस्था की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी संतों के मान-सम्मान, उनके अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ मजबूती से खड़ी है। किसी भी प्रकार से संतों की आवाज़ को दबाने या उन्हें भयभीत करने का प्रयास लोकतंत्र और संविधान दोनों के खिलाफ है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी। 

अजय राय ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि संत-परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और ज्ञान की शाश्वत राजधानी है प्रयागराज मे शंकराचार्य जी के साथ हुआ दुर्व्यवहार काशी की गरिमा, उसकी परंपरा और भारत की सांस्कृतिक आत्मा पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस पार्टी ऐसे किसी भी कृत्य का पुरजोर विरोध करती है। हम महाराज के साथ पूरी निष्ठा, दृढ़ता और सम्मान के साथ खड़े हैं। संतों और धर्माचार्यों के सम्मान की रक्षा करना केवल धार्मिक विषय के साथ साथ सामाजिक और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। मोदी - योगी सरकार सनातन विरोधी सरकार है।धर्माचार्यो, संतों, विचारकों और समाज के मार्गदर्शकों की आवाज़ को दबाने का कोई भी प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। कांग्रेस पार्टी इस विषय को गंभीरता से उठाएगी कांग्रेस पार्टी सदैव धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रजानाथ शर्मा, राजीव गौतम, गिरीश पाण्डेय, देवेंद्र सिंह, चंचल शर्मा, सुशील, विनीत चौबे, सिद्धार्थ केशरी, गौरव पांडेय आदि लोग उपस्थित रहे।