Kashi ka News. 1 मार्च को इस्कॉन यूथ फोरम द्वारा फूलों की होली का होगा आयोजन।

 1 मार्च को इस्कॉन यूथ फोरम द्वारा फूलों की होली का होगा आयोजन।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। भारतीय परंपराओं की पवित्रता और आध्यात्मिक स्वरूप को पुनर्जीवित करने तथा आज की युवा पीढ़ी को अपनी वास्तविक सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से इस्कॉन यूथ फोरम वाराणसी द्वारा 1 मार्च को “फूलों की होली एवं भजन क्लबहिंग” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उक्त जानकारी दुर्गाकुंड स्थित इस्कॉन मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अच्युत मोहन प्रभु, रसीक गोविंद प्रभु, साक्षी मुरारी प्रभु, राम केशव प्रभु ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि यह उत्सव युवाओं को होली के वास्तविक आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगा।आधुनिक समय में जहां होली का स्वरूप नशा, रासायनिक रंगों और अव्यवस्थित भीड़ तक सीमित होता जा रहा है, वहीं यह आयोजन एक सकारात्मक, सुरक्षित और सात्विक विकल्प प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम मे 1100 किलोग्राम सुंदर पुष्पों से भगवान का दिव्य अभिषेक एवं होली। 20 पवित्र द्रव्यों से भगवान का भव्य अभिषेक, नमरस बैंड द्वारा मनमोहक कीर्तन, आध्यात्मिक संगीत के बाद प्रसादम वितरण किया जायेगा। 

यह काशी के सांसद एवं भारत के प्रधानमंत्री मोदी के उस दृष्टिकोण के अनुरूप भी है, जिसमें वे आधुनिकता के साथ भक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों के समन्वय द्वारा नई पीढ़ी को प्रेरित करने पर बल देते हैं, ताकि आज की जेन -जी भक्ति को आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ अपनाए। यह आयोजन वाराणसी के युवाओं के लिए भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक ऊर्जा से भरपूर एक दिव्य एवं अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध होगा।