Kashi ka News. पुलिस आयुक्त ने कचहरी क्षेत्र मे लागू की कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था, पास किए वितरित।
पुलिस आयुक्त ने कचहरी क्षेत्र मे लागू की कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था, पास किए वितरित।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की पहल पर कचहरी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण उत्पन्न जाम एवं आमजन के आवागमन में हो रही असुविधा को दृष्टिगत रखते हुए सुव्यवस्थित एवं कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है।
इस व्यवस्था के अंतर्गत पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया गया है, जिसमें हरी पट्टी के भीतर दोपहिया तथा पीली पट्टी के भीतर चारपहिया वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त द्वारा अधिवक्ताओं के वाहनों पर पास चस्पा कर किया गया। सेन्ट्रल बार एसोसिएशन एवं बनारस बार एसोसिएशन में पंजीकृत अधिवक्ताओं को उनके सीओपी नंबर के आधार पर निःशुल्क वाहन पार्किंग पास चरणबद्ध रूप से वितरित किए जा रहे हैं।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सेन्ट्रल बार एसोसिएशन में 7637 तथा बनारस बार एसोसिएशन में 5604 अधिवक्तागण पंजीकृत हैं, जिन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप पास उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्धारित व्यवस्था के अतिरिक्त अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें हटाया जाएगा, जिससे मार्ग अतिक्रमण मुक्त होगा तथा यातायात सुचारू, सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगा।मल्टीलेवल पार्किंग में एक सप्ताह के भीतर शीर्ष तल पर भी पार्किंग व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे लगभग 500 अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित की जा सकेगी। इस दौरान दोनों बार एसोसिएशन के पदाधिकारीगण व कचहरी के वरिष्ठ अधिवक्तागण, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।


