युवा कांग्रेस द्वारा पीएम केम्प्रोमाइज के तहत विरोध प्रदर्शन।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। महानगर युवा कांग्रेस के तत्वाधान में आयोजित “पीएम कम्प्रोमाइज” कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय के घेराव हेतु एक शांतिपूर्ण पैदल मार्च का आयोजन किया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए हाथों में तख्तियां और संविधान की प्रस्तावना लेकर मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय के नीचे ही भारी पुलिस बल तैनात कर प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से बलपूर्वक रोक दिया गया।प्रशासन द्वारा आगे बढ़ने की अनुमति न दिए जाने पर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन वहीं पर अधिकृत अधिकारी को सौंपा गया।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से निकाले जा रहे मार्च को रोकना सरकार की असहिष्णु मानसिकता को दर्शाता है। यह कार्रवाई लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास देश के युवाओं को स्वीकार नहीं है। कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है। जब भी सरकार ने अन्यायपूर्ण कदम उठाए हैं, कांग्रेस ने जनता की आवाज बनकर संघर्ष किया है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब को जेल भेजना लोकतांत्रिक परंपराओं के विरुद्ध है।
महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना युवाओं का मौलिक अधिकार है, जिसे संविधान ने प्रदत्त किया है। एआई समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पूरी शालीनता और लोकतांत्रिक दायरे में रहते हुए अपनी मांगों और चिंताओं को रखा था। इसके बावजूद सरकार द्वारा द्वेषपूर्ण कार्रवाई करते हुए अनेक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आज का मार्च युवाओं की आवाज को दबाने के विरुद्ध था। सरकार यह समझ ले कि पुलिसिया शक्ति के दम पर विचारों को कैद नहीं किया जा सकता। जब हमें प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय तक जाने से रोका गया, तब हमने लोकतांत्रिक परंपरा निभाते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा और संवैधानिक हस्तक्षेप की मांग की। विरोध प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे , महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा, मयंक चौबे, ओम शुक्ला, अनुपम राय, धीरज सोनकर, मो जिशान, विनीत चौबे, महेश चौबे, अरुणेश सिंह, अनिल चौधरी, किशन यादव, ऋषभ दुबे, मुरारी पांडेय,अनिल पटेल, प्रमोद यादव, अभिषेक पटेल आदि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थिति रहे।


