नगर निगम द्बारा विशेश्वरगंज मंडी मे पांच दुकानें सील।
ब्यूरो चीफ आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। नगर निगम द्बारा बकाया किराया जमा नही करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को विशेश्वरगंज मंडी मे पांच दुकानों को सील कर दिया गया। इस दौरान निगम अधिकारी ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में किराया जमा नहीं करते हैं, तो दुकान की आवंटन भी निरस्त कर दिए जाएंगे।
नगर निगम द्बारा अभियान चला करके गृहकर और जलकर के साथ-साथ निगम की दुकानों के बकाया किराये की वसूली पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में नगर निगम द्वारा करीब 600 दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद कई दुकानदारों ने बकाया जमा नहीं किया।
सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि सभी संबंधित दुकानदारों को कई बार नोटिस देकर समय से किराया जमा करने का अवसर दिया गया था, लेकिन कुछ लोग लगातार हीला-हवाली करते रहे। ऐसे में सख्ती बरतना जरूरी हो गया था। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में की गई है और भविष्य में भी बकायादारों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने पुनः सभी बकायादार दुकानदारों से अपील की है कि वे तत्काल अपना बकाया किराया जमा कर दे, अन्यथा उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी


