Kashi ka News. अंडरगारमेंट चोरी मामले में मुकदमा दर्जकर पुलिस कर रही जांच।

 अंडरगारमेंट चोरी मामले में मुकदमा दर्जकर पुलिस कर रही जांच।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष के साथ कपड़े खरीदने गई कुछ महिलाओं द्वारा अंडरगारमेंट चुराए जाने का मामला सामने आया है, जिसका सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में दुकान के मालिक की तहरीर पर एक अज्ञात महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, सुदीप सिंह नामक व्यापारी ने पुलिस को तहरीर दी है और आरोप लगाया है कि लहुराबीर स्थित उनके कपड़े के स्टोर से मंगलवार की शाम कुछ कपड़े की चोरी हुई है। कुछ अज्ञात महिलाएं उनके स्टोर में पहुंची थी और करीब ₹10000 का सामान चोरी कर ले गईं।उन्होंने पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है, जिसमें एक महिला अंडर गारमेंट्स चुराते नजर आ रही हैं।

तहरीर मिलने के बाद चेतगंज पुलिस ने एक अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। चोरी का आरोप महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी के साथ गई महिलाओं पर लगा है। सुनीता सोनी ने बताया, "मैं मंगलवार की शाम शॉपिंग करने के लिए उस दुकान में गई हुई थी और इस दौरान मेरे साथ जौनपुर से आई कुछ महिलाएं भी थी जैसा कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि महिलाएं कपड़े चुरा रही हैं। मुझे इस बात की जानकारी नहीं थी और वीडियो वायरल होने के बाद मैंने दुकानदार से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। सुनीता सोनी ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी के लिए मुझे थाने से फोन आया था और मैंने उन्हें जांच में सहयोग करने का भरोसा दिया है। मैं व्यापार वर्ग से आती हूं और यदि किसी व्यापारी भाई के साथ इस तरह के कार्य होते हैं, तो मैं पुलिस का इसमें जरूर सहयोग करूंगी।