Kashi ka News. सीएम डैशबोर्ड में वाराणसी पुलिस का धमाकाः प्रदेश में चौथा स्थान, आईजीआरएस रैंकिंग में लगातार नंबर-1।

 सीएम डैशबोर्ड में वाराणसी पुलिस का धमाकाः प्रदेश में चौथा स्थान, आईजीआरएस रैंकिंग में लगातार नंबर-1।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के कुशल नेतृत्व और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते माह फरवरी की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट को पूरे प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में वाराणसी पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया है।

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग कुल 51 विभिन्न पैरामीटरों के आधार पर तय की जाती है। इनमें अपराध नियंत्रण, विवेचना निस्तारण, इनामी व अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी, डायल-112 की रिस्पांस टाइम, गौ-तस्करी और एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई, महिला अपराधों में कार्यवाही, एसी/एसटी एक्ट, गुंडा एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तथा न्यायालय से दोषियों को सजा दिलाने जैसे अहम बिंदु शामिल होते हैं।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा इन सभी पैरामीटरों की साप्ताहिक समीक्षा और कड़ी मॉनिटरिंग की जाती रही है। इसी का परिणाम है कि फरवरी माह की जारी रैंकिंग में वाराणसी पुलिस ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वहीं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में भी वाराणसी पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। खास बात यह है कि पिछले 4 महीनों से लगातार आईजीआरएस रैंकिंग में वाराणसी पुलिस पहले स्थान पर बनी हुई है। इसके साथ ही सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में भी वाराणसी पुलिस पिछले 7 महीनों से लगातार टॉप-10 जिलों में शामिल है। यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि वर्ष 2023 और 2024 में वाराणसी की रैंकिंग लगभग 70वें स्थान के आसपास रहती थी, जो प्रदेश के अंतिम 10 जिलों में गिनी जाती थी। लगातार समीक्षा, कड़ी निगरानी और विशेष रूप से महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के कारण वाराणसी पुलिस का प्रदर्शन अब काफी बेहतर हुआ है। समग्र प्रदर्शन में उच्च अंक प्राप्त करते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने सिटीजन सर्विसेज के क्षेत्र में दक्ष, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।