इंटर काशी ने एसपी फाऊंडेशन कोलकाता को 2-1से किया पराजित।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। बरेका के खेल मैदान पर गुरुवार को 14 वर्षीय एआईएफएफ सब जूनियर फुटबाल लीग में इंटर काशी, वाराणसी ने एसपी फाऊंडेशन कोलकाता को 2-1 से पराजित कर पूरे अंक प्राप्त कर लिए। संघर्षपूर्ण मुकाबले में इंटर काशी को पहली सफलता एसपी फाऊंडेशन कोलकाता द्वारा आत्मघाती गोल से प्राप्त हुई। 35 वें मिनट पर इंटर काशी द्वारा साइड कीक लगाने पर एसपी फाउंडेशन के एक खिलाड़ी द्वारा गलती से गेंद रिफ्लेक्ट होकर उसके अपने ही गोल में जा पहुंची। इस आत्मघाती गोल से इंटर काशी ने मध्यांतर के पूर्व 1-0 की बढत बना ली।
मध्यांतर की बाद का खेल काफी संघर्षपूर्ण रहा। खेल के 76वें मिनट में एसपी फाऊंडेशन कोलकाता के तौसीफ मलिक ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 1-1 पर ला खड़ा किया। मैच समाप्ति के कुछ ही क्षण पहले 89 वें मिनट में सुयश ने एक शानदार हेडर द्वारा गोल कर स्कोर इंटर काशी के पक्ष में 2-1 कर दिया। इसी निर्णायक गोल द्वारा इंटर काशी ने मैच के पूरे अंक अर्जित कर लिए।
इंटर काशी के चीफ ऑफ़ द फुटबॉल डेवलपमेंट दिनेश नेगी ने मैच के सर्वोत्तम खिलाड़ी का सम्मान सुयश को दिया। मैच प्रारंभ होते ही मुख्य अतिथि मनोज कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर मुश्ताक अली (लक्ष्मण एवार्डी) भैरवनाथ तथा भारी संख्या में फुटबॉल प्रेमी उपस्थित रहे।


