Kashi ka News. महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण अविलम्ब कराना सुनिश्चित करें-गीता विश्वकर्मा

 महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण अविलम्ब कराना सुनिश्चित करें-गीता विश्वकर्मा 

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा की अध्यक्षता मे महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने हेतु जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में हुआ। 

जनसुनवाई में कुल 21 प्रकरण आये। जिसमें अधिकतर प्रकरण घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद एवं बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित थे। आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा ने महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण के दृष्टिगत् प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित विभाग को उपलब्ध कराते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उसका निस्तारण नियमानुसार अविलम्ब कराना सुनिश्चित करें। 

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटे मामलों की उचित जांच कर निस्तारण कराएं, ताकि लोगों को न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़े। प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं नियमसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संवेदनशील मामलों में तत्परता से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिला कारागार के महिला बंदी सेल में जाकर महिला क़ैदियों की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। जिला चिकित्सालय वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर उन्होंने हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं को सहायता प्रदान करने और समय पर सुरक्षा तथा न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आपातकालीन बचाव, चिकित्सा सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी सहायता, अस्थायी आश्रय आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध), जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांग जन शक्तिकरण अधिकारी के प्रतिनिधि, जिला समाज कल्याण अधिकारी के प्रतिनिधि, जिला पंचायत राज अधिकारी के प्रतिनिधि, पैरालीगल वालेंटियरर्स जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, केन्द्र प्रबन्धक, वन स्टॉप सेन्टर, संरक्षण अधिकारी, जिला बालं संरक्षण इकाई के अतिरिक्त अन्य अधिकारीगण के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।