छात्र सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी मंजीत गिरफ्तार।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित यूपी कॉलेज परिसर में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम शिवपुर पुलिस व एसओजी ने घटना के मुख्य अभियुक्त मंजीत चौहान को शनिवार भोर में गिरफ्तार कर घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, कारतूस ए्व खोखे भी बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी मंजीत चौहान ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक सूर्य प्रताप सिंह और उसके साथी अक्सर रैगिंग के नाम पर उसे और उसके दोस्तों को परेशान करते व मारपीट करते थे। घटना वाले दिन भी कॉलेज परिसर में उनके बीच कहासुनी और डराने-धमकाने की बात हुई थी। इसी आपसी रंजिश और गुस्से में आकर मंजीत और उसके साथी अनुज सिंह ने प्रशासनिक भवन के पास सूर्य प्रताप पर करीब 4-5 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त मंजीत चौहान (20 वर्ष) निवासी चांदमारी, बड़ालालपुर को दिनांक 21 मार्च को सुबह करीब 5:45 बजे रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज, शिवपुर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी घटना के बाद भागते समय छत से कूदने के कारण घायल भी हो गया था और इलाज के लिए जाते समय पकड़ा गया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम इस मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही कर रही है। पुलिस अब घटना में शामिल दूसरे फरार आरोपी अनुज सिंह की तलाश में जुटी है। इस कार्यवाही में शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा, उप-निरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, अनिकेत श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी लवकुश कुमार, आरक्षी किशन सोनकर तथा एसओजी व फील्ड यूनिट की टीम शामिल रही।


