काशी के जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए कर रही संघर्ष- सांसद नासिर हुसैन
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। पांडेयपुर स्थित एक होटल में कांग्रेस नेता, राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने देश के समसामयिक मुद्दों, बढ़ती महंगाई, विदेश नीति, ईंधन संकट और काशी की जमीनी समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सांसद नासिर हुसैन का स्वागत किया।
पत्रकार वार्ता मे सांसद नासिर हुसैन ने कहा कि मोदी के न्यू इंडिया में हर चीज़ के लिए लाइन लगानी पड़ रही है। देश की जनता को पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर, खाद, राशन, पानी, आधार, सरकारी नौकरी, रेलवे टिकट, बिजली बिल सुधार, टोल नाके तक हर जगह लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। मोदी की लाइन लगाओ योजना मे जनता सिर्फ परेशान है और सरकार मूकदर्शक है। केंद्र सरकार के बार-बार ऐसे बयान से देश में घबराहट (पैनिक) का माहौल है, बिना सोचे-समझे कोविड जैसी तैयारी करने का बयान देकर सरकार ने फिर से जनता को डराने का काम किया है।अब हालात और बिगड़ते जा रहे हैं पिछले दो हफ्तों में जरूरी वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है, जिससे आम आदमी का जीवन मुश्किल हो गया है। रुपया लगातार गिर रहा है और डॉलर के मुकाबले कमजोर हो चुका है, जिससे आयातित वस्तुएं और महंगी हो रही हैं।सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का असर भारत पर पड़ा है, लेकिन सरकार ने इसके लिए कोई ठोस तैयारी नहीं की है। पीएम के संसदीय क्षेत्र काशी की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। काशी में विकास सिर्फ विज्ञापनों में दिखता है, जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आगे भी सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी। केंद्र सरकार बड़ी बड़ी झूठी बयानबाजी छोड़कर महंगाई, बेरोजगारी, ईंधन संकट और काशी सहित देशभर की जमीनी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, गौरव पाण्डेय, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, अरुण सोनी, ओमप्रकाश ओझा, ऋषभ पाण्डेय, चंचल शर्मा, अशोक सिंह, हसन मेहदी कब्बन, अब्दुल हमीद डोडे, रोहित दुबे, परवेज खान, शशाक सिंह, विनीत चौबे, मो उज्जैर, सैय्यद आदिल आदि उपस्थित रहे ।


