हिमाचल के राज्यपाल ने कबीर प्राकट्य स्थल पर टेका मत्था।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। संत शिरोमणि कबीर दास की पावन जन्मस्थली, प्राचीन श्री सदगुरु प्राकट्य स्थल (लहरतारा) में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता ने मठ पहुँचकर मत्था टेका और कबीर साहेब के चरणों में आशीर्वाद लिया।
जन्म स्थल परिसर मे राज्यपाल का डमरू वादन एवं पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया गया। पीठाधीश्वर महंत गोविंद दास शास्त्री ने पारंपरिक रीति-रिवाज से उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
दर्शन के पश्चात जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि संत कबीर दास जी के विचार आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। कबीर जी को मेरा सादर प्रणाम। आज इस पावन जन्म स्थान पर आकर मैं स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली मानता हूँ। यहाँ की ऊर्जा और शांति अद्भुत है, जो हमें सामाजिक समरसता और प्रेम का संदेश देती है। पीठाधीश्वर महंत गोविंद दास शास्त्री ने महामहिम को मठ के ऐतिहासिक महत्व और कबीर दास के प्राकट्य से जुड़ी कथाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सुमीत सिंह, विनय पांडे, डॉ संजय सिंह गौतम ने भी कबीर के दर्शन को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।इस अवसर पर मठ के संतगण सेवादार तथा गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु गण भी उपस्थित रहे।


