कांग्रेस पीड़िता बेटी के साथ मजबूती से खड़ी है- राघवेंद्र चौबे
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। कानपुर में प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी की एक नाबालिग बेटी के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में वाराणसी में जिला एवं महानगर महिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी वाराणसी के माध्यम से एसडीएम माल को सौंपते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कानून लागू करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव और महानगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस पूनम विश्वकर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि हमारी काशी की एक नाबालिग बेटी अपने रिश्तेदार के यहाँ कानपुर गई थी, जहाँ सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों एवं एक स्थानीय विधायक के करीबियों द्वारा उसके साथ दरिंदगी की गई। यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। प्रशासन इस मामले को दबाने और अपराधियों को बचाने में लगा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि पीड़िता को त्वरित न्याय, परिवार को सुरक्षा, आर्थिक सहायता तथा सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो महिला कांग्रेस बड़ा जनआंदोलन करेगी।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज पूरी तरह समाप्त हो चुका है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री मंचों से ‘जीरो टॉलरेंस’ और महिला सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है। कानपुर की घटना इसका जीता-जागता उदाहरण है। एक तरफ बेटी न्याय के लिए तड़प रही है और दूसरी तरफ सत्ता के संरक्षण में अपराधियों को बचाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी पीड़िता के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उसे न्याय नहीं मिल जाता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम मे फसाहत हुसैन बाबू, अशोक सिंह, रेनू चौधरी, हसन मेहदी कब्बन, दिलीप सोनकर, सारिका श्रीवास्तव, किरण देवी, मोनी, आनन्द सिंह, राजेश कुमार मौर्य, चन्दन पाण्डेय, कमलेश यादव, कृष्णकांत आदि लोग उपस्थित रहे।


