सीएम ने भेजी मनीष सिंह के परिजनों को 10 लाख की सहायता राशि चेक।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। पिंडरा विधानसभा के ग्रामसभा घमहापुर में बीते दिनों हुई हृदय विदारक घटना के बाद आज क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने मृतक मनीष सिंह के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और इस जघन्य अपराध की घोर निंदा की।
विधायक डॉ अवधेश सिंह ने बताया कि कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काशी आगमन के दौरान उन्होंने इस पूरी घटना से उन्हें अवगत कराया था। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया और पीड़ित परिवार के लिए सहायता राशि स्वीकृत की। इसी क्रम में आज विधायक द्वय ने मुख्यमंत्री द्वारा भेजी गई 10 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रमाण पत्र मृतक की दादी को सौंपा।
परिजनों से मुलाकात के दौरान विधायक डॉ अवधेश सिंह ने कहा कि योगी सरकार में कानून का राज है और अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी नीतू कात्यान से घटना की विस्तृत जानकारी ली और कड़े लहजे में निर्देशित किया कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्यवाही की जाए जो नजीर बने। विधायक सुशील सिंह ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक सभ्य समाज में ऐसी हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि न्याय की इस घड़ी में वे और पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है।विधायक ने अंत में दोहराया कि मृतक के परिजनों को भविष्य में जब भी किसी भी प्रकार की आवश्यकता होगी, वे सदैव तत्पर रहेंगे। इलाके में तनाव और दुख को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


