फूलपुर व्यापार मंडल द्वारा पीड़ित व्यापारी को मिली आर्थिक मदद।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। पिंडरा, व्यापार मंडल फूलपुर ने सामाजिक एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए आगजनी से प्रभावित व्यापारी की मदद कर मानवता का संदेश दिया। शुक्रवार को चौरा माता मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में व्यापार मंडल पदाधिकारियों और सहयोगियों ने जनसहयोग से जुटाई गई ₹1,05,000 की सहायता राशि का चेक पीड़ित व्यापारी को सौंपा।
बताया जाता है कि फूलपुर बाजार निवासी शीतल मोदनवाल, जो फ्लोर डीजे का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गत माह एक शादी समारोह के दौरान गैस लीकेज से लगी आग में उनका पूरा डीजे सेट जलकर नष्ट हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी, ऐसे में यह हादसा उनके लिए बड़ा आर्थिक संकट बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही फूलपुर व्यापार मंडल आगे आया और व्यापारियों से अपील कर जनसहयोग के माध्यम से सहायता राशि एकत्र कर शुक्रवार को शीतल मोदनवाल एवं उनकी माता को सम्मानपूर्वक सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल सपालू ने कहा कि व्यापार केवल लाभ-हानि का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी जरिया है। ऐसे समय में एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। इस अवसर पर मुन्ना चौरसिया, सोनू सेठ, समाजसेवी राजकुमार गुप्ता ‘राजू’, विक्की गोंड, जनार्दन चौरसिया, जितेंद्र मोदनवाल, काजू चौरसिया, छोटू अग्रहरि सहित अन्य व्यापारीगण मौजूद रहे।


