अखरी बाईपास पर मोटरसाइकिलों का टक्कर,दो युवकों की मौत से मचा कोहराम।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। रोहनिया स्थित अखरी बाईपास सर्विस रोड पर बुधवार की शाम तेज रफ्तार में आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर मे दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गये, दोनों का अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जैसे ही दोनों के परिवारों वालो को दुर्घटना की सूचना मिली चीख पुकार मच गई और पूरे एरिया में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार यह हादसा अखरी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सर्विस रोड पर हुआ जहां दोनों ओर से आ रही मोटरसाइकिलें बहुत तेज गति में थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके पर स्थानीय लोग तुरंत घायलों की ओर दौड़े और उन्हें उठाकर सुरक्षित स्थान पर लाकर पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। पुलिस टीम भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया।
डॉक्टर के अनुसार गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान आलोक श्रीवास्तव (27) वर्ष पुत्र उमाकांत श्रीवास्तव निवासी खुरमाबाद थाना चिनारी जिला रोहतास बिहार एवं राहुल उर्फ काजू पटेल (25) वर्ष पुत्र बीरेंद्र उर्फ लोटन पटेल निवासी अखरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आलोक बाईपास मार्ग से डाफी की ओर जा रहे थे जबकि राहुल अपनी पत्नी किरण देवी को डिलीवरी के हेतू अस्पताल में भर्ती कराने के बाद घर लौट रहे थे।


