Kashi ka News. बीएचयू प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचनाएं व भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता से परे- राघवेंद्र चौबे

 बीएचयू प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचनाएं व भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता से परे- राघवेंद्र चौबे

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल आज काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मधुबन स्थित धरना स्थल पहुंचकर कनिष्ठ लिपिक परीक्षा स्थगन की मांग को लेकर आंदोलनरत कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान अजय राय (प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस) ने वीडियो कॉल के माध्यम से धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी उनके हक और न्याय की इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी और हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी।

जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि बीएचयू प्रशासन की कार्यप्रणाली पूरी तरह से असंवेदनशील और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने वाली है। वर्षों से विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला लंबित है, लेकिन इसके समाधान के बजाय प्रशासन परीक्षा आयोजित कर कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी की गई अधिसूचनाएं और भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता से परे हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। जो कर्मचारी वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें दरकिनार कर नई भर्ती प्रक्रिया लागू करना अन्यायपूर्ण है। मौजूदा सरकार युवाओं और कर्मचारियों के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। रोजगार के अवसर घट रहे हैं और जो कर्मचारी पहले से कार्यरत हैं, उनके अधिकार भी छीने जा रहे हैं। 

कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारियों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से उनके साथ खड़ी रहेगी। यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगी। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन, घनश्याम सिंह, हसन मेहदी, सुनील राय, रोहित दुबे, अजय सिंह, हिमांशु सिंह, परवेज खान, याशीन राईन, सैय्यद आदिल, संतोष कनोजिया समेत दर्जनों लोग शामिल रहे।