Kashi ka News. चोलापुर मे झंडा हटाने को लेकर विरोध-प्रदर्शन मे एसीपी विदुष घायल।

 चोलापुर मे झंडा हटाने को लेकर विरोध-प्रदर्शन मे एसीपी विदुष घायल।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। चोलापुर के नेहिया गांव में भीमराव अंबेडकर का झंडा जलाए जाने और हटाने को लेकर शुक्रवार को तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। हिंदू और दलित समुदाय के आमने-सामने आने से स्थिति गंभीर हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जब जाम खुलवाने का प्रयास किया तो पुलिस कर्मियों से ग्रामीणों की झड़प हो गई। आक्रोशित युवाओं ने पुलिस कर्मियों को धक्का दे दिया, इसके बाद पुलिस लाठियां पटकी तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया।

ग्रामीणों के पथराव में एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना का सिर फट गया, वहीं चोलापुर थाने के दो दरोगा भी गंभीर रूप से चोटिल होकर लहुलुहान हो गए। पुलिस कर्मियों ने दोनों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बवाल की जानकारी के बाद डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और एडीसीपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं कई थानों का फोर्स और पीएसी को मौके पर बुलाया गया है। 

बताया जा रहा है कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर दलित समाज के लोगों ने जुलूस के दौरान बाबा बटुक भैरवनाथ मंदिर के गेट पर अंबेडकर का झंडा लगाया था। गुरुवार सुबह जब लोगों ने झंडा गायब देखा, तो आक्रोश फैल गया। ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए और सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर भारी पुलिस बल तैनात किया है। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को गांव में चक्का जाम और धरना की सूचना मिली थी, अराजकतत्वों पर एक्शन लिया जा रहा है। एडिशनल सीपी समेत कई अधिकारी मौके पर है, घायलों का इलाज कराया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है।