काल भैरव मंदिर मे श्रद्धालुयों से अवैध वसूली,11आरोपी गिरफ्तार।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। धर्म नगरी काशी के मंदिरों मे दर्शन करवाने के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध रूप से वसूली करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए श्री काल भैरव मंदिर परिसर में सक्रिय एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
‘सुगम दर्शन’ और जल्दी दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से जबरन पैसे वसूलने तथा विरोध करने पर अभद्रता करने वाले 11 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, मंदिर के निकास द्वार के पास कुछ लोग संगठित तरीके से श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे थे। ये आरोपी दर्शन कराने के नाम पर अवैध वसूली करते थे और पैसे न देने पर विवाद व दुर्व्यवहार पर उतारू हो जाते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के साथ ठगी, दलाली और अवैध वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी, आने वाले दिनों में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।


