होम्योपैथी चिकित्सक डॉ एके सिंह "भारत गौरव एक्सीलेंस अवार्ड 2026" से सम्मानित।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में काशी का गौरव एक बार फिर वैश्विक पटल पर चमका है। अवधूत भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र, पड़ाव के मुख्य चिकित्सक व क्षेत्र के प्रतिष्ठित वरिष्ठ होम्योपैथिक मधुमेह (डायबिटीज) विशेषज्ञ डॉ अनिल कुमार सिंह को प्रतिष्ठित वैश्विक पुरस्कार ‘भारत गौरव एक्सीलेंस अवार्ड 2026’ से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें नई दिल्ली की विख्यात संस्था ‘जीवरन फाउंडेशन’ द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ अनिल कुमार सिंह को यह विशेष पुरस्कार होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से मधुमेह (डायबिटीज) के उपचार, रोकथाम और इस क्षेत्र में किए गए उनके असाधारण व उत्कृष्ट शोध कार्यों के लिए दिया गया है।
विगत कई वर्षों से डॉ सिंह पड़ाव स्थित अनुसंधान केंद्र में आने वाले हजारों मरीजों का होम्योपैथी और प्राकृतिक जीवन शैली के समन्वय से सफल इलाज कर रहे हैं। उन्होंने न केवल मरीजों की ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में सफलता पाई है, बल्कि मधुमेह से होने वाली अन्य जटिलताओं से भी लोगों को राहत दिलाई है। नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी में उन्हें इस सम्मान से विभूषित किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार की घोषणा के बाद अवधूत भगवान राम आश्रम, पड़ाव सहित पूरे वाराणसी के चिकित्सा जगत और प्रबुद्ध वर्ग में हर्ष की लहर है। बधाई देते हुए शुभचिंतकों ने कहा कि यह सम्मान पूरी काशी और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति का सम्मान है। यह पुरस्कार मेरे अकेले का नहीं, बल्कि पूज्य अघोरेश्वर के आशीर्वाद और संस्थान की पूरी टीम के समर्पण का परिणाम है। होम्योपैथी में मधुमेह का सुरक्षित और स्थाई समाधान संभव है, और मेरा प्रयास रहेगा कि यह चिकित्सा पद्धति समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।


