श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में द्वितीय स्मार्ट क्लास का हुआ लोकार्पण।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य एवं शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, गोलघर में मंगलवार को द्वितीय स्मार्ट क्लास का लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ। समाजसेवी रमेश चन्द्र अग्रवाल (हरतीरथ) ने फीता काटकर स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया।
यह स्मार्ट क्लास कौस्तुभ अग्रवाल एवं किसलय अग्रवाल द्वारा अपने दादा स्व रामचंद्र अग्रवाल एवं दादी स्व शशि प्रभा अग्रवाल की स्मृति में विद्यालय को समर्पित की गई है। इस अवसर पर समाजसेवी की पुत्रवधू मानसी अग्रवाल ने कहा कि यह स्मार्ट क्लास केवल एक कक्ष नहीं, बल्कि छात्राओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला माध्यम है, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल 'हरे कृष्ण ज्वेलर्स' ने कहा कि शिक्षा ही समाज की वास्तविक पूंजी है। नई पीढ़ी को आधुनिक संसाधनों से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस प्रकार के प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अध्यक्ष ऋषभ चंद्र जैन ने कहा कि विद्यालय सदैव इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है कि यहां की प्रत्येक छात्रा को बेहतर से बेहतर शैक्षिक संसाधन उपलब्ध हों। यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रबंधक गरिमा टकसाली ने कहा कि स्मार्ट क्लास छात्राओं के भीतर जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सीखने की नई ऊर्जा का संचार करेगी।प्रधानाचार्य संगीता बनर्जी एवं सहायक प्रबंधक पवन कुमार मित्तल ने संयुक्त रूप से कहा कि यह स्मार्ट क्लास छात्राओं के लिए ज्ञान के नए द्वार खोलेगी। आधुनिक शिक्षण तकनीकों के माध्यम से पढ़ाई अधिक रोचक, सहज और प्रभावी बनेगी, जिससे छात्राओं का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। इस अवसर प्रमुख रूप से समाज की डॉ रचना अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, रचना मित्तल, ममता अग्रवाल, अतुल गोयल, देवांग अग्रवाल, डॉ अनुराग अग्रवाल, भूपेंद्र अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, गणेश अग्रवाल, एकता अग्रवाल, मानस अग्रवाल मौजूद रहे।
.jpg)

