योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। संपूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र द्वारा शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु विश्वविद्यालय परिसर में संचालित स्ववित्तपोषित योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश संबंधी सूचना जारी की गई है।
जारी सूचना के अनुसार योग शास्त्री (बीएड), योग आचार्य (एमएड) तथा पीजी डिप्लोमा इन योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट ssvvonline.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश आवेदन की प्रक्रिया आज से प्रारम्भ होकर 05 जून 2026 तक निर्धारित की गई है। प्रो शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के साथ आवश्यक शुल्क भी ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। प्रवेश हेतु निर्धारित योग्यता के अनुसार योग शास्त्री पाठ्यक्रम में उत्तर मध्यमा अथवा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जबकि योग आचार्य एवं पीजी डिप्लोमा इन योग पाठ्यक्रमों के लिए स्नातक अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं नियमानुसार संचालित की जाएगी। प्रत्येक सेमेस्टर में अधिकतम 60 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें संस्कृत पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित सीटों का भी प्रावधान किया गया है।
छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की।


