नगर आयुक्त ने भ्रष्टाचार,अवैध वसूली की शिकायत हेतु जारी किया हेल्पलाइन नंबर।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। नगर निगम प्रशासन ने भ्रष्टाचार, अवैध धन वसूली और अनधिकृत शुल्क मांगे जाने की प्रवृत्ति पर पूरी तरह से लगाम लगाने का निर्णय लिया है। इस क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की ओर से एक विशेष लैंडलाइन हेल्पलाइन नंबर 0542-2282834 जारी किया गया है।
ऐसे में अब निगम से संबंधित किसी भी कार्य के लिए यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी अथवा बाहरी व्यक्ति अवैध रूप से पैसों की मांग करता है, तो जनता अब इसकी सीधे शिकायत दर्ज करा सकेगी।खास बात यह है कि शिकायतकर्त्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी। नगर आयुक्त ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी स्तर पर होने वाली अवैध वसूली के खिलाफ खुलकर सामने आएं और तत्काल इस नंबर पर जानकारी दें, ताकि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नगर आयुक्त ने इस सार्वजनिक सूचना को निगम के सभी कार्यालयों, जोनल कार्यालयों और जलकल विभाग के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा कराने का निर्देश दिया है। साथ ही इस हेल्पलाइन नंबर का होर्डिंग्स और विभिन्न माध्यमों से व्यापक व निःशुल्क प्रचार-प्रसार करने को भी कहा है ताकि आम जनता तक यह जानकारी आसानी से पहुंच सके।


