अजय राय के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा- रीना राय
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। मैदागिन स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में जिला/महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी द्वारा एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी श्रीमती रीना राय तथा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे , जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने संबोधित किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी श्रीमती रीना राय ने कहा कि महोबा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक दलित छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। ऐसी पीड़ादायक घटना पर संवेदनशील सरकार को तत्काल न्याय सुनिश्चित करना चाहिए था, लेकिन दुर्भाग्य से सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय उन लोगों को निशाना बना रही है जो उसके पक्ष में आवाज उठा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय स्वयं महोबा जाकर पीड़ित छात्रा और उसके परिवार से मिले, उनका दुःख-दर्द सुना और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। यही बात भाजपा सरकार को असहज कर रही है। मेरे पति लगातार प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध, युवाओं की समस्याओं और किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता और जनसंघर्ष से घबराकर भाजपा अब एआई आधारित भ्रामक वीडियो और झूठे प्रचार का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि सुनियोजित तरीके मेरे पति की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि जनता का ध्यान महोबा की पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के मुद्दे से हटाया जा सके।मेरे पति अजय राय हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, दलितों और वंचित समाज की आवाज बनकर संघर्ष करते रहे हैं। भाजपा सरकार उनकी जनस्वीकार्यता और संघर्षशील व्यक्तित्व से भयभीत है। इसलिए उनके खिलाफ झूठा प्रचार किया जा रहा है। लेकिन ऐसे हथकंडों से न सच दबेगा और न ही न्याय की लड़ाई रुकेगी। अजय राय महोबा की बेटी को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष कर रहे हैं और अंतिम न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे व जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने संयुक्त रूप कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ दर्ज एफआईआर पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना और प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए एआई तकनीक का दुरुपयोग कर रही है। जब किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होना और न्याय की मांग करना अपराध माना जाने लगे, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।अजय राय केवल महोबा ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर उस क्षेत्र में पहुंचे हैं जहां किसी नागरिक के साथ अन्याय हुआ है। चाहे किसानों की समस्याएं हों, युवाओं की बेरोजगारी हो, एसआईआर में कर्मचारीयो की मृत्यु हो या महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं हों या प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए पेपर लीक से प्रभावित छात्र-छात्राओं की पीड़ा, अजय राय ने हमेशा जनता के बीच जाकर उनकी आवाज बुलंद की है उनकी लड़ाई लड़ी है नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ, तब भी अजय राय युवाओं के बीच पहुंचे और उनकी लड़ाई को मजबूती से उठाया। भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विपक्षी नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार करने की आदत पड़ चुकी है। एआई जनरेटेड वीडियो के माध्यम से अजय राय की छवि धूमिल करने का प्रयास इसी राजनीतिक हताशा का प्रमाण है। भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि झूठे प्रचार और मुकदमों के माध्यम से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता भाजपा के अनेक नेता लगातार कांग्रेस नेतृत्व, गांधी परिवार और विपक्षी नेताओं के खिलाफ व्यक्तिगत एवं अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं, लेकिन तब भाजपा को राजनीतिक मर्यादा याद नहीं आती। उन्होंने कहा कि वाराणसी के भाजपा जनप्रतिनिधियों को भी विपक्ष पर अनर्गल टिप्पणी करने के बजाय काशी की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। शहर में सड़क, जल,रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनेक मुद्दे आज भी गंभीर बने हुए हैं, लेकिन भाजपा नेताओं को जनता के सवालों से ज्यादा विपक्ष पर हमला करने की चिंता है। पहले काशी की मूलभूत जनसमस्या पर यहाँ के जनप्रतिनिधि कार्य करे फिर विपक्ष के बारे में टिप्पणी करें।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी रीना राय व जिला/महानगर अध्यक्ष व सभी नेताओं ने एक स्वर में मांग की कि महोबा प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए। पीड़ित छात्रा एवं उसके परिवार को पर्याप्त 50 लाख की आर्थिक सहायता, सुरक्षा और हर आवश्यक सरकारी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय, महिला सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रही है और आगे भी रहेगी। महोबा की बेटी को न्याय दिलाने तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का यह संघर्ष किसी भी दबाव, मुकदमे या दुष्प्रचार से रुकने वाला नहीं है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी रीना राय, राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेन्द्र चौबे, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, गुलशन अंसारी, पार्षद रमजान अली, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, पूनम विश्वकर्मा,ओम शुक्ला, रेणु चौधरी, मो उजैर, अमित यादव आदि लोग उपस्थिति रहे।


