Kashi ka News. गुजरात स्थापना दिवस पर संपूर्णानंद विश्वविद्यालय से निकली पदयात्रा।

 गुजरात स्थापना दिवस पर संपूर्णानंद विश्वविद्यालय से निकली पदयात्रा।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। संपूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में गुजरात स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य पद यात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा विश्वविद्यालय के योग साधना केंद्र से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्ग पर अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। 

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायी विचारों का स्मरण किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना, सांस्कृतिक गौरव का संवर्धन करना तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति समाज में जागरूकता उत्पन्न करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन भारत की विविधता में एकता के आदर्श को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करते हैं और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करते हैं। कुलपति प्रो शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर संदेश वाहक पदयात्रा रवाना किया। 

इस कार्यक्रम का सफल संयोजन प्रो विद्या कुमारी चन्द्रा एवं डॉ विजय शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।पदयात्रा में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षकगण, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।