Kashi ka News. मातृ दिवस पर वृद्धाश्रम में बिखरी खुशियों की मुस्कान।

 मातृ दिवस पर वृद्धाश्रम में बिखरी खुशियों की मुस्कान।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। मातृ दिवस के पावन अवसर पर समाजिक संस्था खुशी की उड़ान व बाबा जी की फ्री पाठशाला के संयुक्त तत्वाधान में दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धाश्रम, वाराणसी में एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रही माताओं के साथ समय बिताकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान माताओं को उपहार भेंट किए गए, प्रेम और सम्मान के साथ मातृ दिवस मनाया गया। संस्था की टीम ने वृद्ध माताओं के साथ गीत-संगीत,नृत्य, हंसी-मजाक और आत्मीय संवाद के माध्यम से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा वृद्धाश्रम परिवारिक स्नेह से भर उठा। कई माताओं की आंखें भावुक हो उठीं और उन्होंने संस्था के इस प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर खुशी की उड़ान संस्था की संस्थापिका सारिका दुबे ने कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और त्याग का स्वरूप होती हैं। वृद्धाश्रम में रह रही माताओं के चेहरे पर मुस्कान लाना हमारे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। हमारा प्रयास है कि कोई भी मां खुद को अकेला महसूस न करे। समाज के हर व्यक्ति को अपने जीवन में माताओं के सम्मान और सेवा के लिए आगे आना चाहिए। 

कार्यक्रम में संस्था की टीम रितेश मिश्रा, आहिल खान, रिया, प्रेमलता, प्रीति, शीतांशु, मोहित, सागर, हिमांशु, मुस्कान साहू, आशीष जायसवाल, पूनम जायसवाल के साथ बाबा जी की फ्री पाठशाला से राजीव टंडन व आरती टंडन उपस्थित रहे।