लोकतंत्र में घटिया राजनीति नहीं की जाएगी बर्दाश्त -विपिन श्रीवास्तव
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। रामनगर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीरों के साथ लगाए गए कथित आपत्तिजनक पोस्टरों को लेकर समाजवादी पार्टी में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वाराणसी कैंट विधानसभा-390 से सक्रिय जननेता विपिन श्रीवास्तव ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन व्यक्तिगत दुर्भावना, अपमानजनक भाषा और समाज में वैमनस्य फैलाने वाली राजनीति किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं मानी जा सकती। इस प्रकार की पोस्टरबाजी राजनीतिक शिष्टाचार और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाने का कार्य करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य और कानून व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रही है, लेकिन इन मूल समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कुछ लोग ओछी राजनीति का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब जनता के सवालों का जवाब देने की क्षमता समाप्त हो जाती है, तब व्यक्तिगत टिप्पणी और नफरत फैलाने की राजनीति शुरू हो जाती है। अखिलेश यादव प्रदेश के करोड़ों युवाओं, किसानों, गरीबों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की उम्मीद और आवाज हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेसवे, शिक्षा, स्वास्थ्य, लैपटॉप योजना और समाजवादी पेंशन जैसी अनेक जनहितकारी योजनाओं का सफल संचालन हुआ, जिसके कारण आज भी जनता का विश्वास समाजवादी विचारधारा के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है। किसी भी वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से इस प्रकार के पोस्टर लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
इससे राजनीतिक संस्कृति का स्तर गिरता है और युवाओं के बीच गलत संदेश जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि ऐसे पोस्टर लगाने वालों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए साथ ही भविष्य में इस प्रकार की भड़काऊ और अशोभनीय गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक वातावरण कायम रह सके। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संयम बनाए रखने, लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहने की अपील की।


