Kashi ka News. निर्जला एकादशी पर निकले भव्य कलश यात्रा से काशी हुई शिवमय।

 निर्जला एकादशी पर निकले भव्य कलश यात्रा से काशी हुई शिवमय।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। निर्जला एकादशी पर सामाजिक संस्था सुप्रभात, शिव बारात समिति एवं काशी मोक्षदायिनी सेवा समिति तथा अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के संयुक्त तत्वाधान में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री काशी विश्वनाथ वार्षिक कलश यात्रा निकाली गई। 

यह आयोजन श्री कांची कामकोटि मठ के सुब्रमण्यम (मणी) के सानिध्य में 11 रजत कलशों में दूध एवं देश की विभिन्न पवित्र नदियो, सिंधु, ब्यास, झेलम, मानसरोवर, प्रयागराज कुम्भ, गंगा तथा ऋषिकेश आदि नदियों का पवित्र जल के साथ ही 1008 महिलाओं ने गंगा घाट से कलशों में गंगाजल भरकर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ विशाल शोभायात्रा में भाग लिया। यात्रा राजेंद्र प्रसाद घाट से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंची, जहां भगवान शिव का विशेष जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया। यात्रा में डमरू दल तथा अनेकों झांकियां भी शामिल थी। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पुरे मार्ग अनेको संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा एवं जलपान, शरबत आदि से स्वागत किया गया। 

इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी दिलीप सिंह व निधी देव अग्रवाल ने निर्जला एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व सनातन परंपरा में विशेष स्थान रखता है। केवल उपवास का पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, तप एवं भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी, संत-महात्मा एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।