Kashi ka News. उत्तर प्रदेश में अपराधों में आई भारी गिरावट- डीजीपी

 उत्तर प्रदेश में अपराधों में आई भारी गिरावट-डीजीपी

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अधिकांश गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है और अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है। वाराणसी के पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डीजीपी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में थाना, कमिश्नरेट और जनपद स्तर की विभिन्न पुलिस संबंधी समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। 

उन्होंने कहा कि पिछले आठ-नौ वर्षों में प्रदेश पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किया है, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। डीजीपी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में भर्ती किए गए 60,244 आरक्षियों को प्रशिक्षण के बाद जनपदों में तैनात कर दिया गया है, जिससे पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने के लिए ‘रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (आरटीसी)’ जैसी योजनाओं पर प्रभावी ढंग से काम किया जा रहा है। वहीं साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में कमी और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। 

वाहन चोरी और फ्लीट मैनेजमेंट से जुड़े मामलों में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और लगातार कार्रवाई के चलते प्रदेश देश के टॉप-5 राज्यों में शामिल हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम और बेहतर यातायात व्यवस्था के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी। इस अवसर पर वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल तथा अपर पुलिस महानिदेशक जोन पीयूष मार्डिया भी मौजूद रहे।