Kashi ka News. नगर निगम प्रशासन ने स्वीकारी अपनी भूल- राघवेंद्र चौबे

 नगर निगम प्रशासन ने स्वीकारी अपनी भूल-राघवेंद्र चौबे 

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। मीट-मांस की दुकानों को काशी शहर से बाहर किए जाने को लेकर पिछले दिनों चले विवाद पर अब स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे एवं कांग्रेस पार्षद दल के नेता गुलशन अंसारी द्वारा लगातार उठाए गए सवालों और नगर निगम प्रशासन से जवाब मांगे जाने के बाद नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस पार्षद दल के नेता गुलशन अंसारी द्वारा ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया था, जिसमें मीट और मांस की दुकानों को काशी शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की गई हो। 

पिछले दिनों विभिन्न माध्यमों से यह चर्चा सामने आई थी कि मीट-मांस की दुकानों को शहर से बाहर करने का प्रस्ताव कांग्रेस पार्षद दल के नेता गुलशन अंसारी की ओर से दिया गया था। इस दावे का गुलशन अंसारी ने तत्काल खंडन करते हुए इसे पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया था। लगातार उठ रहे सवालों पर नगर निगम प्रशासन तथा महापौर ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्षद दल की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे सत्य की जीत बताया। 

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कांग्रेस ने शुरू से ही सच्चाई को सामने लाने का कार्य किया। नगर निगम प्रशासन और महापौर द्वारा वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना एक सकारात्मक और स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्य को स्वीकार करना साहस का काम होता है। कांग्रेस ने केवल जनता के सामने सच्चाई रखने का प्रयास किया था और आज वही सत्य सामने आ गया है। कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि नगर निगम भविष्य में तथ्यों और संवाद के आधार पर कार्य करेगा। सत्य, सामाजिक सद्भाव और जनहित के मुद्दों पर उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी तथा काशी की साझा विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस हमेशा आवाज उठाती रहेगी।