महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर सुनिश्चित हो- गीता विश्वकर्मा
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को सर्किट हाउस स्थित सभागार में महिला जनसुनवाई कर समस्याओं का समाधान किया। जनसुनवाई में कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। प्राप्त प्रकरणों में भूमि विवाद से संबंधित मामलों की संख्या अधिक रही। इसके अतिरिक्त महिला उत्पीड़न, नौकरी के नाम पर धनराशि लिए जाने, मकान पर अवैध कब्जा तथा उपचार संबंधी प्रकरण भी प्राप्त हुए। सदस्य, राज्य महिला आयोग द्वारा समस्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु अग्रसारित किया गया। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों से उनके विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने हेतु जमीनी स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाए। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन तथा उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से उपस्थित अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु निर्देशित किया गया।
इस दौरान रवि शंकर सिंह सिटी मजिस्ट्रेट, नम्रता श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध, महिला कल्याण विभाग से जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र, रशीदा बेगम वरिष्ठ सहायक, रेखा श्रीवास्तव, प्रियंका राय हब फॉर वूमेन एम्पावरमेंट वन स्टॉप सेंटर से केंद्र प्रबंधक रश्मि दुबे, पूजा सिंह, अनामिका यादव, केस वर्कर शालिनी पांडे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पीएलवी. स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा पिछड़ा कल्याण विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


