कचहरी शिफ्टिंगः सीएम योगी ने मांगी पूरी रिपोर्ट।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। कचहरी स्थानांतरण की दी सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता दिखाते हुए जिलाधिकारी को चिन्हित भूमि की पूरी जानकारी शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को दी सेंट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कचहरी स्थानांतरण का मुद्दा मजबूती से रखा। उन्होंने अधिवक्ताओं की लगातार बढ़ती संख्या और वर्तमान परिसर में जगह की कमी का हवाला देते हुए सेंट्रल जेल के बगल स्थित भूमि को नई कचहरी के लिए उपलब्ध कराने की मांग की।
अध्यक्ष गौतम के अनुसार मुख्यमंत्री ने बंद कमरे में विस्तार से बातचीत की और मामले को गंभीरता से सुनने के बाद वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को बुलाकर संबंधित भूमि की संपूर्ण जानकारी एकत्र कर शासन को फाइल भेजने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब कचहरी स्थानांतरण की प्रक्रिया को लेकर नई उम्मीदें जाग गई हैं और अधिवक्ता समुदाय की निगाहें शासन स्तर पर होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।


