गौवंश संरक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं-जिलाधिकारी
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। जनपद की गौशालाओं में गौवंश संरक्षण और पशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और पशु चिकित्साधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि गौवंश संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक गौशाला में हरे चारे, भूसे, पेयजल, टीन शेड, सीसीटीवी कैमरों, पशु उपचार और मृत पशुओं के निस्तारण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
डीएम ने चेतावनी दी कि यदि किसी गौशाला में केवल सूखा भूसा खिलाए जाने की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए, ताकि गौशालाओं में रह रहे गौवंश को बेहतर संरक्षण, सुरक्षा और सुविधाएं मिल सकें।


