संस्था का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र भावना से जोडना- सारिका दुबे
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। सामाजिक संस्था खुशी की उड़ान द्वारा आयोजित इंटर्नशिप कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस इंटर्नशिप में भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना, नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को समझाना था। इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक विकास जैसे विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वाराणसी के प्रख्यात लेखक एवं पांच बार गिनीज़ रिकॉर्ड धारी डॉ जगदीश पिल्लई द्वारा विशेष प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया।
संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों, जीवन मूल्यों, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सूत्रों से अवगत कराया। अंत में सभी इंटर्न्स को उनके उत्कृष्ट सहभागिता एवं कार्य अनुभव के लिए एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। संस्था की संस्थापिका एवं अध्यक्षा एडवोकेट सारिका दुबे ने कहा कि खुशी की उड़ान संस्था का उद्देश्य युवाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें सामाजिक नेतृत्व, संवेदनशीलता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है।


