भाजपा ने अशोक चौरसिया को सौपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष का दायित्व।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा, अध्यक्षों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों का ऐलान करते हुए छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदल दिया है। इस व्यापक फेरबदल को आगामी चुनावों की तैयारी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के नई कार्यकारिणी में अशोक चौरसिया को काशी क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
काशी क्षेत्र भाजपा संगठन का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में से एक माना जाता है, जिसमें वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिले शामिल हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति को संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है। नई प्रदेश कार्यकारिणी में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 8 प्रदेश महामंत्री और 19 प्रदेश मंत्री नियुक्त किए गए हैं। पार्टी ने नई टीम में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ महिलाओं, पिछड़े वर्गों और युवाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में घोषित नई कार्यकारिणी को आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा नए पदाधिकारियों के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने की तैयारी में है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष बनाए गए अशोक चौरसिया के सामने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आगामी चुनावों के लिए संगठन को पूरी तरह तैयार करना बड़ी चुनौती होगी। उनकी नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे संगठन को नई ऊर्जा देने वाला निर्णय माना जा रहा है।


