'काशी द्वार' से करेंगे नगरवासी बाबा विश्वनाथ का दर्शन।
रिपोर्ट: दिलीप केशरी
वाराणसी। काशीवासियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थानीय श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब वाराणसी के निवासी सुबह 4:15 बजे से रात 10:45 बजे तक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे। पहले स्थानीय लोगों के लिए दर्शन का समय सीमित था, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत वाराणसी के स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए गेट नंबर 4 बी को विशेष प्रवेश द्वार बनाया गया है, जिसे "काशी द्वार" नाम दिया गया है। इस द्वार से स्थानीय लोग सामान्य श्रद्धालुओं की भीड़ से अलग कतार में प्रवेश कर आसानी से बाबा के दर्शन कर सकेंगें।
हालांकि, इस विशेष सुविधा का लाभ केवल वाराणसी के स्थानीय निवासियों को ही मिलेगा। इसके लिए लोकल पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। पहचान सत्यापित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को काशी द्वार से प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
इससे पहले स्थानीय लोगों के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था केवल सुबह 4 बजे से 5 बजे और शाम 4 बजे से 5 बजे तक ही सीमित थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब उन्हें निर्धारित समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और पूरे दिन के अधिकांश समय में अपनी सुविधा अनुसार बाबा के दर्शन कर सकेंगे। इस फैसले से वाराणसी के हजारों स्थानीय श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। मंदिर में दर्शन व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी और स्थानीय लोगों को भीड़ से अलग सहज प्रवेश का लाभ मिलेगा।


