Kashi ka News. श्री राम मंदिर के चढ़ावा लूट के दोषियों को संरक्षण नहीं, दंड मिले- राघवेंद्र चौबे

 श्री राम मंदिर के चढ़ावा लूट के दोषियों को संरक्षण नहीं, दंड मिले- राघवेंद्र चौबे 

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। अयोध्या धाम स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे में अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे जनजागरण अभियान के अंतर्गत आज तीसरी कड़ी में सिगरा स्थित चंदुआ सट्टी के सामने श्री हनुमान जी मंदिर परिसर में सायं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीहनुमान का सामूहिक स्मरण किया तथा सत्य, न्याय और धर्म की विजय के लिए प्रार्थना की।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि* अभी तक बड़े दोषी जो सत्ता के संरक्षण में फल फुल रहे है उनके ऊपर कोई कार्यवाही नही हुई। महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान पारदर्शिता और जवाबदेही की रक्षा के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। आज तीसरे चरण में आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से भगवान श्री हनुमान से यह प्रार्थना की गई कि देश और समाज में सत्य की विजय हो तथा जो भी लोग भ्रष्टाचार, अनियमितता और आस्था के साथ खिलवाड़ के दोषी हों, उन्हें कानून के अनुसार उचित दंड मिले।भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्वयं को भगवान श्रीराम का सबसे बड़ा हितैषी बताते हैं, इसलिए यदि राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं तो उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वे निष्पक्ष जांच का समर्थन करें और दोषियों को बचाने के बजाय उन्हें कानून के हवाले करें। करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़े इस गंभीर विषय में किसी भी प्रकार की लीपापोती या दोषियों को संरक्षण देना जनता के विश्वास के साथ अन्याय होगा। कांग्रेस पार्टी सदैव धार्मिक आस्था के सम्मान, सार्वजनिक धन की पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष करती रही है। यदि राम मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे के संबंध में गंभीर प्रश्न उठे हैं तो सरकार का दायित्व है कि वह निष्पक्ष जांच कर पूरी सच्चाई देश के सामने रखे। जनता का विश्वास बनाए रखना किसी भी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।महानगर कांग्रेस कमेटी का यह जनजागरण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रत्येक मंगलवार को शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित कर भगवान श्रीहनुमान से देश, प्रदेश और समाज में सत्य, न्याय, सद्भाव, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था की कामना की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे जनआस्था और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी की रक्षा के लिए इस अभियान से जुड़ें। जब तक पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक बड़े दोषियों जो सत्ता से जुड़े है उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक महानगर कांग्रेस कमेटी का यह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक जनजागरण अभियान निरंतर चलता रहेगा।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रवीन प्रकाश, वकील अंसारी, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, ओमप्रकाश ओझा, सजीव सिंह, वीरेन्द्र कपूर, प्रिंस राय खगोलन, ऋषभ पाण्डेय, संतोष चौरसिया, आशिष केशरी, पारस नाथ यादव, दीपक यादव, राजेश सोनकर, पवन चौबे, दीप विश्वकर्मा, नित्यानंद पाठक, राजेश प्रजापति, अफसर खां, सतेंद्र तिवारी, प्रवीण सिंह, विजय देवल, गोपाल चौबे, राजू गुप्ता, राकेश चौबे, किशन यादव, रामजी गुप्ता, प्रभात वर्मा समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।